नई दिल्ली (नेहा): शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें कई फैसले लिए गए। इस फैसलों के बारे में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार ने तीन सरकारी तेल कंपनियों (OMCs) को 30,000 करोड़ रुपये की मदद देने का फैसला किया है। यह पैसा OMCs को एलपीजी सिलेंडर कम दाम पर बेचने से हुए नुकसान की भरपाई के लिए दिया जाएगा। ये OMCs इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड हैं। ये कंपनियां लोगों को तय दाम पर एलपीजी सिलेंडर देती हैं।
वैष्णव ने कहा कि यह मदद अभी के भू-राजनीतिक हालातों और तेल और गैस सेक्टर में चल रही अनिश्चितताओं को देखते हुए दी जा रही है। हालांकि, उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के टैरिफ पर कोई जवाब नहीं दिया। यह पैसा OMCs को कैसे मिलेगा, यह पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय तय करेगा। सरकार ने कहा है कि यह मुआवजा बारह किश्तों में दिया जाएगा।