प्रयागराज (नेहा): उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर जाने के कारण कछारी इलाकों और शहर के करीब 7 इलाकों के हजारों घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है, जिससे लगभग 200 गांव प्रभावित हुए हैं। इसी बीच यूपी पुलिस में तैनात एक दरोगा के घर में पानी घुसा। दरोगा ने मां गंगा को फूल और दूध चढ़ाकर पूजा किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बाढ़ प्रभावित इलाकों से लोग सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं और गंगापार व यमुनापार के दर्जनों गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया है। इसके चलते कछारी इलाकों के साथ शहर के करीब 7 इलाकों के हजारों घरों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है। लगभग 200 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे स्थिति और गंभीर होती जा रही है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और क्यूआरटी की टीमें बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंच गई हैं।
इलाके के दर्जनों मकान में बाढ़ का पानी घुस गया है। हालत यह है कि बड़ी आबादी या तो घरों में कैद होकर रह गई है या फिर उन्होंने अपने रिश्तेदारों के घरों को अपना नया ठिकाना बनाया है। संगम क्षेत्र में स्थित रामघाट पूरी तरीके से जलमग्न हो गया। हनुमान मंदिर को जाने वाला रास्ते पर बाढ़ का पानी भर गया है। मंदिर की तरफ लोगों का आवागमन बंद कर दिया गया है।