मुंबई (राघव): ‘अबीर गुलाल’ फिल्म को लेकर खूब विवाद हुआ था। इसमें बॉलीवुड एक्ट्रेस वाणी कपूर हैं और उनके अपोजिट पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान। अप्रैल महीने में पहलगाम आतंकी हमले और फिर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद दोनों देशों के बीच संबंध तनावपूर्ण हो गए थे। यही वजह थी कि फिल्म में पाकिस्तानी एक्टर की मौजूदगी से भारतीय नाराज थे। तब फिल्म की रिलीज को टाल दिया गया था। लेकिन अब ये फाइनली थिएटर्स में दस्तक देने जा रही है। हालांकि, ये भारत में रिलीज नहीं होगी।
के अनुसार, ‘अबीर गुलाल’ को वर्ल्डवाइड 29 अगस्त को रिलीज किया जा रहा है। लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव और पाकिस्तानी कलाकारों पर देश में बैन के कारण ये मूवी भारत में रिलीज नहीं होगी। मालूम हो कि इससे पहले दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सरदार जी 3’ को लेकर भी विवाद हुआ था। इसमें पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर थीं। मेकर्स ने मूवी को भारत में रिलीज नहीं किया था।
बता दें कि ‘अबीर गुलाल’ पहले भारत में भी 9 मई 2025 को रिलीज होन के लिए तैयार थी। लेकिन इससे पहले कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ। और फिर भारत द्वारा पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई के तहत ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के कारण इसे अनिश्चित काल के लिए टाल दिया गया था। इसके बाद देश में सभी पाकिस्तानी कलाकारों पर बैन लगा दिया गया। भारतीय फिल्म संगठनों ने सख्ती से ऐलान किया कि अगर कोई भी कलाकार पड़ोसी देश के कलाकारों के साथ काम करता पाया गया तो उसे कड़ी सजा भुगतनी होगी।
इन्हीं सब वजहों के कारण ‘अबीर गुलाल’ को भारत में कभी रिलीज नहीं किया जाएगा। पर मेकर्स ने इसे वर्ल्डवाइड रिलीज करने का फैसला किया है। फवाद इस मूवी से करीब 9 साल बाद बॉलीवुड में वापसी करने जा रहे थे। इससे पहले वो सोनम कपूर के साथ ‘खूबसूरत’ और आलिया भट्ट संग ‘कपूर एंड संस’ में नजर आ चुके हैं। ‘ऐ दिल है मुश्किल’ में भी उनका रोल था। इसीलिए फवाद के कमबैक का फैंस को बेसब्री से इंतजार था, लेकिन पहलगाम हमले ने भावनाओं को बदल दिया और भारतीयों ने फिल्म का बहिष्कार किया।