मथुरा (राघव): मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार करीब 7 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो बच्चों सहित चार लोग घायल हो गए। यह हादसा बलदेव थाना क्षेत्र के अंतर्गत माइलस्टोन 126 के पास, आगरा से नोएडा की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हाईवे पर दौड़ रहे अन्य वाहनों के पहिए थम गए।
कार सवार संजीव कुमार और उनके भाई विक्रम सिंह अपने चार बच्चों के साथ आगरा से दिल्ली के गाजीपुर जा रहे थे। सभी मूल रूप से जैथरा, एटा के निवासी हैं। गाजीपुर में ही काम करते हैं। रास्ते में अचानक पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार एंबुलेंस, जो मरीज लेकर नोएडा जा रही थी, एंबुलेंस ने ओवरटेक कर अचानक ब्रेक लगा दी। संजीव की कार एंबुलेंस से जा टकराई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में संजीव कुमार, विक्रम सिंह और दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि शेष दो बच्चों को हल्की चोटें आईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे के सुरक्षा कर्मी और पीआरवी पुलिस और बलदेव पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बलदेव थाने के एसआई वीर सिंह यादव ने बताया कि घटना की जानकारी घायलों के परिजनों को दे दी गई है। फिलहाल हादसे की जांच की जा रही है और दोनों वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।