नई दिल्ली (नेहा): दिल्ली के कालकाजी इलाके में तेज बारिश की वजह से एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां बीच सड़क एक विशाल पेड़ अचानक गिर गया। इस दौरान वहां से गुजर रही बाइक पेड़ की चपेट में आ गई। जिससे बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरा शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान पास से एक कार भी गुजर रही थी। यह कार भी पेड़ की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया।
इस घटना में पेड़ गिरने के कारण सड़क भी जाम हो गई। पेड़ को सड़क से हटाने के लिए दो क्रेन्स की मदद लेनी पड़ी। लेकिन पेड़ काफी विशाल था, इस कारण पहले उसे कटर से काटा गया। जिसके बाद पेड़ के टुकड़ों को उठाकर ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में बाइक चालक सुधीर कुमार की पेड़ की चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं उनकी बेटी प्रिया का अस्पताल में इलाज चल रहा है।