नई दिल्ली (नेहा): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन्मतिथि 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक भाजपा सेवा पखवाड़ा मनाएगी। इस दौरान पूरी दिल्ली में स्वच्छता अभियान चलाने के साथ ही जनकल्याण से संबंधित कार्यक्रम आयोजित होंगे। दिल्ली सरकार भी इस अभियान में शामिल होगी। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल के नेतृत्व में कार्यशाला का आयोजन हुआ, जिसमें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल हुईं। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि सेवा पखवाड़ा अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बनेगा। दिल्ली में भाजपा की सरकार ने भी इस सेवा पखवाड़े में जनसेवा से जुड़े कार्यों का शुभारंभ करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।
अस्पतालों में नए ब्लाक, आयुष्मान आरोग्य मंदिर व अन्य सुविधाओं का उद्घाटन होगा। स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान स्वास्थ्य, शिविर, खेल प्रतियोगिता और चित्रकला जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। कार्यक्रम के संयोजक प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल ने बताया कि गरीब और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए सेवा कार्य दिल्ली के हर वर्ग तक पहुंचाने का लक्ष्य है। सेवा कार्य के साथ ही प्रधानमंत्री के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी भी आयोजित होगी। डाक्यूमेंट्री फिल्म दिखाने के साथ ही सांसद खेल प्रतियोगिता आयोजित होगी। कार्यशाला में दिल्ली प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री पवन राणा, दिल्ली सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक व भाजपा पदाधिकारी उपस्थित थे।