नई दिल्ली (नेहा): प्रेम नगर थाना क्षेत्र में रुपयों के विवाद में दो पड़ोसियों के झगड़े में बीच बचाव करने गए युवक की सिर पर ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय सुनील कुमार के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस ने क्रास केस दर्ज कर दोनों पक्षों से छह आरोपी गिरफ्तार कर लिए हैं। सुनील की गैर इरादतन हत्या के आरोप में पुष्पा, सुमित्रा और आनंद कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब सवा तीन बजे झगड़े की सूचना पर पुलिस किराड़ी स्थित प्रेम नगर के ए ब्लाॅक पहुंची, पता चला कि झगड़े में ईंट लगने से सुनील कुमार और आनंद कुमार (60) को चोट आई है।
महाराजा अग्रसेन अस्पताल में डाॅक्टरों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। आनंद को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। इस मामले में क्राॅस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला कि डेरी संचालक कृष्ण कुमार धनखड़ ने जनवरी 2024 में अजय और उसके पिता आनंद कुमार के माध्यम से राजकुमार को 2.5 लाख रुपये दिए थे। रकम लेकर राजकुमार फरार हो गया। अजय और कृष्ण पड़ोसी हैं। घटना वाले दिन कृष्ण अपनी पत्नी गीता देवी के साथ अजय के घर रुपयों की बात करने के लिए गया था।
जहां दोनों परिवार के बीच झगड़ा होने लगा। आरोप है कि अजय, इसके पिता आनंद, मां सुमित्रा, मामा कमल, मामी पुष्पा ने कृष्ण और उसकी पत्नी पर हमला कर दिया। शोर शराबा सुनकर पड़ोस में ही रहने वाला सुनील कुमार बीच बचाव के लिए पहुंचा। सुनील की पत्नी अनीता भी मौके पर पहुंच गई। अनीता का आरोप है कि आरोपी बीच बचाव करने पर अजय, आनंद और सुमित्रा उसके पति सुनील को डंडो से मार रहे थे। तभी अजय की मामी ने ईंट से सुनील के सिर पर जोर से हमला किया। सुनील के जमीन पर गिरते ही सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने अनीता के बयान पर गैर इरादतन हत्या के तहत केस दर्ज कर पुष्पा, सुमित्रा और आनंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि दूसरे पक्ष से भी पुलिस ने घायल आनंद कुमार की एमएलसी के आधार पर गैर इरादतन हत्या की कोशिश के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने दूसरे पक्ष से आरोपी कृष्ण धनखड़, उनकी पत्नी गीता देवी और बेटे हिमांशु उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया है। इन पर लाठी डंडों से हमला करने का आरोप है।