नई दिल्ली (नेहा): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 सितंबर को मणिपुर के दौरे पर जाएंगे। राज्य में लंबे वक्त से जारी अशांति के बीच पीएम मोदी का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। पीएम मोदी अपने दौरे की शुरुआत मणिपुर के चूड़ाचांदपुर से करेंगे। इसके बाद वे इंफाल के कांगला जाएंगे। मुख्य सचिव डॉ. पुनीत कुमार गोयल ने पीएम मोदी के दौरे का पूरा शेड्यूल बताया। उन्होंने कहा, ‘पीएम मोदी चूड़ाचांदपुर से दौरे की शुरुआत करेंगे। यहां वे हालिया अशांति से विस्थापित लोगों से मिलेंगे। इसके बाद प्रमुख राहत एवं विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।’
डॉ. गोयल ने बताया कि चूड़ाचांदपुर में अपने कार्यक्रमों के बाद, प्रधानमंत्री मोदी इम्फाल के कांगला जाएंगे। कांगला मणिपुरी विरासत और मैतेई समुदाय का सांस्कृतिक केंद्र है। उन्होंने कहा कि मणिपुर में सभी हितधारकों के संयुक्त प्रयासों से राज्य में धीरे-धीरे लेकिन लगातार स्थिरता और सुरक्षा आई है। बता दें कि पीएम मोदी आइजोल से दोपहर लगभग 12:15 बजे चुराचांदपुर पहुंचेंगे। इसका वह अशांति से प्रभावित और विस्थापित लोगों से बातचीत करेंगे। इसके बाद राज्य भर में विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। पीस ग्राउंड में पीएम मोदी एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
दोपहर लगभग 2:30 बजे कांगला के लिए रवाना होंगे। यहां भी वे घाटी में विस्थापित परिवारों से मिलंगे। कांगले से कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन होना है। पीएम यहां एक जनसभा को संबोधित करेंग। पीएम मोदी के दौरे में मणिपुर को 1,300 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और 1,200 करोड़ रुपये मूल्य के पूर्ण हो चुके कार्यों का उद्घाटन कर सौगात मिलेगी।
डॉ. पुनीत कुमार गोयल ने कहा कि ‘मणिपुर केवल एक सीमावर्ती राज्य नहीं है, बल्कि भारत की एक्ट ईस्ट नीति का केंद्रीय स्तंभ, दक्षिण पूर्व एशिया का प्रवेश द्वार और भारत की विविधता का गौरवशाली संरक्षक है। प्रधानमंत्री की राज्य यात्रा राज्य में शांति, सामान्य स्थिति और तीव्र विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी।