नई दिल्ली (नेहा): अगर आप अंतरिक्ष में जाने का सपना देखते हैं, तो अब यह सपना जल्द ही सच हो सकता है। एक कंपनी 2028 तक अंतरिक्ष में एक शानदार होटल खोलने की तैयारी कर रही है। सोचिए, जब आप रात को खिड़की से चांद-तारों को देखेंगे, तो नजारा कैसा होगा. यह कोई कल्पना नहीं, बल्कि हकीकत बनने जा रही है। Above Space Development नाम की एक कंपनी अंतरिक्ष में दो होटल बना रही है, वोयाजर स्टेशन और पायनियर स्टेशन. वोयाजर एक बड़ा होटल होगा, जिसमें 400 मेहमान रह सकेंगे। वहीं पायनियर छोटा होगा और इसमें सिर्फ 28 लोग रुक पाएंगे, लेकिन यह पहले बनकर तैयार हो सकता है। कंपनी का कहना है कि पायनियर स्टेशन 2028 तक मेहमानों का स्वागत करने के लिए तैयार हो सकता है। वोयाजर के मुकाबले यह कम खर्चीला होगा। यह होटल अंतरिक्ष में रहने का अनुभव देगा, जिससे मेहमानों को स्पेस के माहौल में ढलने में मदद मिलेगी।
इन होटलों में रहने पर आपको अंतरिक्ष में तैरने जैसा महसूस नहीं होगा। यहां आर्टिफिशियल ग्रेविटी का इस्तेमाल होगा। यह एक वैज्ञानिक तरीका है, जिसमें होटल एक बड़े पहिये की तरह घूमता रहेगा, जिससे अंदर की हर चीज केंद्र से बाहर की तरफ खिंची रहेगी। होटल के अंदर मनोरंजन के लिए बहुत कुछ होगा. यहां जीरो-ग्रेविटी वाला एरिया भी होगा, जहां आप अंतरिक्ष में तैरने का मजा ले सकते हैं। कंपनी के डिज़ाइन में तो बास्केटबॉल खेलने की भी योजना है, जहां खिलाड़ी उछलकर हवा में बहुत ऊपर तक जा सकेंगे। फिलहाल कंपनी ने अंतरिक्ष होटल के टिकट की कीमत नहीं बताई है। लेकिन वर्जिन गैलेक्टिक जैसी कंपनियां अंतरिक्ष में जाने के लिए प्रति व्यक्ति 4.5 लाख डॉलर (लगभग 3.75 करोड़ रुपये) ले रही हैं। तो आप समझ सकते हैं कि शुरुआत में यह बहुत महंगा होगा।
कंपनी का दावा है कि जब अंतरिक्ष का सफर आम हो जाएगा, तो वे इन होटलों में रुकना सभी के लिए सस्ता कर देंगे। उनका मकसद अंतरिक्ष पर्यटन को सिर्फ अमीरों के लिए नहीं, बल्कि आम लोगों के लिए भी उपलब्ध कराना है। कंपनी सिर्फ होटल ही नहीं बनाना चाहती। उसका मकसद अंतरिक्ष में पूरा बिजनेस पार्क बनाना है। जहां वैज्ञानिक रिसर्च कर सकें, कंपनियां अपनी चीजें बना सकें, और लोग बिजनेस कर सकें। यह अंतरिक्ष में एक नई दुनिया बसाने जैसा है।
इस प्रोजेक्ट को और भी बड़ा बनाने के लिए कंपनी ने नासा के साथ साझेदारी की है। नासा इस कंपनी को अपनी जांच सुविधाओं और संसाधनों का इस्तेमाल करने देगा, ताकि यह अपनी टेक्नोलॉजी को और भी बेहतर बना सके। यह एक बहुत बड़ा कदम है। ये होटल सिर्फ रहने की जगह नहीं होंगे, बल्कि एक अनोखा अनुभव होंगे। यहां पारंपरिक ‘स्पेस फूड’, जैसे फ्रीज-ड्राइड आइसक्रीम भी मिलेगी, जिससे मेहमानों को अंतरिक्ष यात्री जैसा महसूस हो। भविष्य में अंतरिक्ष की यात्रा अब सिर्फ वैज्ञानिकों के लिए नहीं है। जल्द ही हम सभी अंतरिक्ष में छुट्टियां बिताने और रहने के बारे में सोच सकते हैं।