नई दिल्ली (नेहा): महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निवास पर पहुंचकर उन्हें दीपावली और नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर शिंदे ने प्रधानमंत्री को शाल, पुष्पगुच्छ और संत तुकाराम महाराज की मूर्ति भेंट की। बैठक के दौरान केंद्र और राज्य सरकार के बीच कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई, जिसे राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सभी घटक दलों से विचारों के साथ मजबूती से जुड़े रहने और गठबंधन को और सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने शिंदे परिवार को भी दीपावली की शुभकामनाएं दीं। बैठक में केंद्र-राज्य सहयोग और आगामी परियोजनाओं की रणनीतियों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।


