सहारनपुर (नेहा): भाजपा के अंबेहटा मंडल उपाध्यक्ष की बीती देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। गांव टीडौली निवासी और भाजपा के अनुसूचित मोर्चा के मंडल अध्यक्ष सुशील कोरी ने बताया कि उनके पिता 65 वर्षीय धर्म सिंह कोरी रात्रि में घेर में सो रहे थे। सुबह जब उनकी पत्नी सुनीता ने देखा कि उनके पिता की चारपाई के पास खून बह रहा है तो उसने शोर मचाया। शोर सुनकर सभी भाई घेर में आ गए और देखा कि उनके पिताजी के माथे में गोली मारकर हत्या कर दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक के बड़े पुत्र सुमित ने बताया कि रात्रि में लगभग 2:00 बजे कुत्तों के भौंकने की आवाज आई और पटाखे जैसी आवाज भी आ रही थी, चूंकि गांव में दो शादियां थी और उसमें आतिशबाजी हो रही थी। आतिशबाजी की आवाज समझ कर ही स्वजन घर में ही लेटे रहे।सुबह घेर में पहुंचने पर घटना का पता लगा।


