न्यू जर्सी (नेहा): अमेरिका के न्यू जर्सी में भारतीय मूल की 35 वर्षीय महिला पर अपने दो बच्चों की हत्या का आरोप लगा है। इस घटना के बाद पूरे न्यू जर्सी में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला की पहचान प्रियथारसिनी नटराजन के रूप में हुई है, जो न्यू जर्सी के हिल्सबर्ग में रहती थी। मंगलवार को अमेरिका पुलिस ने नटराजन को हिरासत में लिया। महिला को समरसेट काउंटी कोर्ट में पेश किया गया है।
अदालत में कार्रवाई के दौरान एडवोकेट जॉन मैकडॉनल्ड ने बताया कि हत्या 13 जनवरी 2026 को हुई थी। उसी दिन लगभग 6:45 बजे एक व्यक्ति ने 911 पर फोन करते हुए पुलिस को घटना की जानकारी दी। फोन करने वाला व्यक्ति शायद मृतक बच्चों का पिता था। उसने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी ने बच्चों के साथ कुछ किया है। दोनों बच्चों की उम्र 5 साल और 7 साल थी। जब वो काम से घर लौटा, तो उसने दोनों बच्चों को अचेत अवस्था में पाया।
जानकारी मिलते ही जब पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों बच्चों के शव बेडरूम में पड़े मिले। घटनास्थल पर शिकायत करने वाला व्यक्ति और नटराजन भी मौजूद थे। पुलिस की मेडिकल टीम ने बच्चों को होश में लाने की पुरजोर कोशिश की, लेकिन वो नाकामयाब रहे। पुलिस ने नटराजन को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने बच्चों की पहचान गुप्त रखी है। वहीं, मामले से जुड़ी कोई भी औपचारिक जानकारी अभी तक नहीं दी गई है।


