प्रयागराज (नेहा): प्रयागराज के यमुनापार के करछना इलाके में सेना के जवान की हत्या कर दी गई। वाहन ओवरटेक करने को लेकर विवाद के बाद आरोपितों ने फौजी के सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिवार के लोगों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अंतिम संस्कार से इंकार कर दिया। इस मामले में मृतक के पिता ने पांच लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
करछना के धरवारा गांव निवासी सेना के जवान पर स्कार्पियो सवार युवकों ने पीछे से सिर पर लोहे जैसी भारी वस्तु से हमला कर दिया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। गंभीर अवस्था में करछना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देख डाॅक्टरों ने रेफर कर दिया। स्वजन उसे लेकर लखनऊ के मिलिट्री हास्पिटल पहुंचे, जहां सोमवार की भोर करीब तीन बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश व्याप्त है।
धरवारा निवासी 28 वर्षीय विवेक सिंह पुत्र उमाकांत सिंह सेना में तैनात थे। वर्तमान में दिल्ली में उनकी पोस्टिंग थी। 29 नवंबर को चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए वह 28 नवंबर को छुट्टी लेकर घर आए थे। शादी की रात देर तक वह अपने गांव के दोस्तों के साथ चार पहिया वाहन से कोहड़ार बाजार गए थे।
वापसी के दौरान धरवारा मोड़ के पास बरात से लौट रहे स्कार्पियो सवार कुछ युवकों से गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर कहासुनी हो गई। मौके पर ही मामला शांत करा दिया गया था। लेकिन जैसे ही विवेक गाड़ी पर बैठने लगे, स्कार्पियो सवार युवकों में से एक ने पीछे से उनके सिर पर भारी वस्तु से वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।
सूचना पाकर स्वजन मौके पर पहुंचे और उन्हें करछना सीएचसी ले गए। वहां से रेफर किए जाने पर उन्हें तुरंत लखनऊ स्थित मिलिट्री हास्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक दो भाइयों में छोटा था। पिता उमाकांत सिंह सेना से सूबेदार पद से रिटायर हुए हैं। उनकी मौत से पत्नी प्रतिभा व तीन वर्षीय पुत्र वेदांत का रो-रोकर बुरा हाल है।
फौजी विवेक सिंह की हत्या करने वालों की गिरफ्तारी की स्वजन और ग्रामीण मांग कर रहे हैं। करना है कि जब तक आरोपितों को पकड़ा नहीं जाएगा तब तक अंतिम संस्कार नहीं होगा। शव का पोस्टमार्टम लखनऊ में ही होगा तब शव को गांव ले आया जाएगा। फौजी के पिता ने मीरजापुर में तैनात एक दरोगा सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।


