नई दिल्ली (नेहा): उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और उत्तर की सर्द हवाओं के कारण कई राज्यों में शीतलहर का दौर जारी है। पहाड़ी राज्यों में लगातार बर्फबारी हो रही है, इसके साथ ही मैदानी इलाके राज्यों में भी तापमान तेजी से नीचे गिर रहा है। आने वाले दिनों में ठंड और सर्दी और बढ़ने की संभावना है।
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से सोमवार को देश के कई हिस्सों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, उत्तर भारत के 10 से ज्यादा शहर आज से घने कोहरे की चपेट में आ सकते हैं। लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। IMD के मुताबिक, उत्तर भारत के कई बड़े शहरों में इस हफ्ते घना कोहरा छा सकता है। इनमें कानपुर, प्रयागराज, टुंडला, चंडीगढ़, दिल्ली, नैनीताल, अमृतसर और शिमला में घने कोहरे का असर देखा जा सकता है। इसका असर रेलवे, सड़क यातायात और हवाई सेवाओं पर पड़ सकता है।
IMD का कहना है कि इस सप्ताह दिल्ली में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। बढ़ते प्रदूषण के बीच राजधानी के लिए यह एक और चुनौती है। सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है। आसपास के नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी सुबह-शाम ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में तापमान लगातार गिर रहा है। IMD ने 10, 11 और 12 दिसंबर को घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी यूपी में आज तापमान में तेज गिरावट हो सकती है।
वहीं, पूर्वी यूपी में दिन में हल्की धूप निकलने से राहत मिलेगी, लेकिन सुबह-शाम सर्द हवा अपना असर दिखाएगी। बिहार के ज्यादातर जिलों में सुबह होते ही कोहरा छा जा रहा है। तापमान लगातार गिर रहा है और मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। कई शहरों में विजिबिलिटी कम होने के कारण यातायात भी प्रभावित हो सकता है।


