मुंबई (नेहा): मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई इलाकों में जलभराव के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है, वहीं लोगों को दैनिक आवाजाही में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। शहर की मुख्य सड़कों पर पानी भरने से गाड़ियों की रफ्तार थम गई है। फिसलन और कम विज़िबिलिटी के चलते प्रशासन ने लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि जब तक जरूरी न हो, घरों से बाहर न निकलें। बढ़ती बारिश को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने कंट्रोल रूम को एक्टिव मोड में डाल दिया है। आपात स्थिति में मदद के लिए नागरिक 100, 112 और 103 नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है और राहत टीमें तैनात की गई हैं।
बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के क्षेत्र के चलते समुद्र में लहरें ऊंची उठने लगी हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक समुद्र में जाना बेहद खतरनाक हो सकता है। मछुआरों को 28 जुलाई तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। केवल मुंबई ही नहीं, मौसम विभाग ने ओडिशा के कई जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मयूरभंज और क्योंझर जैसे जिलों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं 10 अन्य जिलों को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है। मौसम विभाग ने साफ किया है कि यह बारिश सामान्य से कहीं ज्यादा हो सकती है।