पानीपत (नेहा): पानीपत पुलिस ने बुधवार को एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया जिसे सुंदर दिखने वाली बच्चियों से बेइंताह नफरत है। उसकी इस नफरत ने तीन मासूम बच्चियों और खुद उसके बेटे की जान ले ली। तीनों बच्चियां उसकी भतीजी थीं। उसने पुलिस पूछताछ में बताया कि चारों को पानी में डुबोकर मारा। ऐसा इसलिए करती थी ताकि हत्या को लोग हादसा समझें। तीन साल पहले पहली बच्ची की हत्या करते वक्त तीन साल से बेटे ने देख लिया था। वह किसी को बता न दे, इसलिए उसकी भी जान ले ली।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार महिला सोनीपत के भावड़ गांव के किसान नवीन की पत्नी पूनम (27) है। उसके साइको किलर होने और सभी हत्याओं का खुलासा पानीपत के नौल्था गांव में एक दिसंबर को छह साल की बच्ची विधि का शव पानी के टब में मिलने के मामले की जांच के दौरान हुआ। विधि पूनम के जेठ संदीप की बेटी थी। विधि के दादा सेवानिवृत्त उप निरीक्षक पाल सिंह ने पोती की हत्या की आशंका जाहिर की। वजह यह थी कि टब एक फुट का ही थी। उनका कहना था कि इतने छोटे टब में छह साल की बच्ची डूबकर नहीं मर सकती।
एसपी ने बताया कि पूनम और उसका परिवार नैल्था में सतपाल के बेटे अमन के शादी समारोह में आया था। जांच के दौरान पता चला कि बरात की विदाई के समय पूनम अचानक कहीं चली गई थी। उसी समय विधि लापता हुई थी। शादी में शामिल महिलाओं ने बताया कि पूनम जब लौटी तो उसकी साड़ी पानी से भीगी हुई थी। इससे उस पर शक हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी पता चला कि विधि की हत्या की गई है। विधि का शव सतपाल के घर में ही पहली मंजिल पर मिला था।
पूछताछ में पूनम ने विधि की हत्या किया जाना कबूल किया। उसने हत्या की जो वजह बताई, उस पर और सख्ती से पूछताछ की गई। इसमें उसने चारों हत्या करना स्वीकार किया। उसने बताया कि वह पहले बेटे शुभम की सुंदरता से बच्चियों की तुलना करती थी। उसकी हत्या के बाद दूसरे बेटे से तुलना करने लगी। बेटा दो साल का है। एसपी ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। चौथे मामले में हत्या का केस दर्ज है। अन्य तीन में परिजन से संपर्क कर तहरीर लेने का प्रयास किया जाएगा।
पूनम ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसे खुद नहीं पता कि सुंदर बच्ची देखकर उसे गुस्सा क्यों आता है। शादी से पहले ऐसा नहीं था। उसकी शादी 2019 में हुई थी। एक साल बाद बेटा पैदा हुआ। वह किसी भी बच्ची को देखकर उसकी तुलना अपने बेटे से करती थी। कोई बच्ची बेटे से ज्यादा सुंदर दिखती तो गुस्सा आता। जनवरी 2023 में ननद पिंकी मायके में भावड़ आई हुई थी।
उसकी नौ साल की बेटी इशिका बहुत सुंदर थी। उसे देखकर चिढ़ होती थी। एक दिन घर में कोई और नहीं था। इशिका आंगन में खेल रही थी। उसे घर में ही एक गड्ढे में भरे पानी में डुबोकर मार दिया। पूनम ने बताया कि हत्या के दौरान ही उसका तीन साल का बेटा शुभम वहां आ गया। वह घटना का चश्मदीद था। राज खोल सकता था। इसी डर में उसे भी उसी गड्ढे में डुबो दिया। परिजन ने यही समझा कि बच्चे खेलते हुए गड्ढे में गिर गए होंगे।
पूनम का मायका पानीपत के सिवाह गांव में है। उसने ससुराल में भतीजी और बेटे की हत्या के बाद मायके में चचेरे भाई दीपक की छह साल की बेटी जिया की जान ली। घटना 19 अगस्त 2025 की है। पूनम मायके आई हुई थी। यहां जिया घर में खेल रही थी। वह बहुत सुंदर थी। पूनम ने पुलिस को बताया कि जिया को देखते ही उसने ठान लिया था कि मौका मिलते ही उसे मार देगी। 19 अगस्त को उसे मौका मिल गया। उसने जिया को घर में ही पानी की हौद में डुबोकर मार दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, महिला पहले भी खुद के बेटे समेत चार बच्चों की निर्मम हत्या कर चुकी है। बता दें कि इसराना क्षेत्र में नौल्था गांव में हुई छह साल की बच्ची की हत्या महिला ने की थी। साल 2023 में आरोपी महिला ने अपने ननद की बेटी और खुद के बेटे की हत्या की थी। वहीं, महिला ने अगस्त 2025 में सिवाह गांव में भी एक बच्ची को मौत के घाट उतारा था। आरोपी महिला का नाम पूनम बताया जा रहा है। आरोपी महिला सोनीपत के भावड गांव की रहने वाली है और उसके पति का नाम नवीन है।


