नई दिल्ली (नेहा): बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह अपनी हाई एनर्जी के लिए लोगों के बीच में जाने जाते हैं। वो जब भी स्टेज पर आते हैं, लोग चिल्ला उठते हैं। हाल ही में वो इफ्फी 2025 गोवा का हिस्सा बनने के लिए पहुंचे थे, जहां उन्होंने अपने एनर्जी से सबका दिल जीत लिया था। इस दौरान न केवल उन्होंने लोगों का खूब मनोरंजन किया बल्कि कांतारा चैप्टर 1 स्टार ऋषभ शेट्टी को अपने अंदाज में सलाम भी किया। हालांकि उनका अंदाज ऋषभ शेट्टी और कांतारा सीरीज के फैंस को पसंद नहीं आया है, जिस कारण वो बड़ी मुसीबत में फंस गए हैं। पहले तो उनकी सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोलिंग हुई और अब उन पर बेंगलुरू में FIR भी दर्ज हो गई है।
अभिनेता रणवीर सिंह जब इफ्फी 2025 गोवा से लौटे तो उनकी इंटरनेट पर जमकर ट्रोलिंग हो रही थी। इसके बाद रणवीर सिंह ने अपनी तरफ से सफाई जारी की और कहा कि वो बस ऋषभ शेट्टी के काम को सलाम करना चाह रहे थे, जिसके चलते उन्होंने उनकी कॉपी की थी। अगर किसी को बुरा लगा हो तो वो माफी मांगते हैं। रणवीर सिंह की माफी के बाद भी कांतारा सीरीज के फैंस शांत नहीं हुए हैं और उन पर एक FIR दर्ज कराई गई है।
खबरें हैं कि बेगलुरू के रहने वाले एक वकील प्रशांत मेटल ने हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में रणवीर सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। रणवीर सिंह के इल्लीगल और ओफेंसिव एक्शन पर मामला दर्ज कराया गया है, जिसमें बताया गया है कि एक्टर ने करोड़ों हिन्दुओं की भावनाओं को आहत किया है, जिसमें खास करके तुलु भाषा बोलने वाला समुदाय शामिल है। रणवीर सिंह पर भारतीय न्याय संहिता की 299, 302 और 196 धाराओं के आधार पर मामला दर्ज कराया गया है।


