नई दिल्ली (नेहा): तकनीक ने इंसान की जिंदगी को आसान बनाया है. गूगल मैप का जीता जागता उदाहरण है। गूगल मैप के जरिए आप अंजान जगह पर भी पहुंच सकते हैं। घर बैठे ट्रैफिक का हाल जान सकते हैं। लेकिन कुछ समय आ रही इसकी तकनीकी गड़बड़ी ने लोगों को टेंशन में डाल दिया है। ऐसे कई केस आ चुके हैं कि गूगल मैप की गलत डारेक्शन की वजह से लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। ताजा मामला महाराष्ट्र के मुंबई से सामने आया है।
नवी मुंबई के बेलापुर में गूगल मैप की गलत डारेक्शन की वजह से एक महिला की जान बाल-बाल बची। घटना शुक्रवार रात करीब 1 बजे की है। महिला बेलापुर से उल्वे की तरफ जा रही थी। उसने अपनी गाड़ी में रास्ता जानने के लिए गूगल मैप लगा रखा था। गूगल मैप ने महिला को ब्रिज पर चढ़ाने की बजाय नीचे का रास्ता दिखा दिया। महिला उसी पर चलती रही, लेकिन नतीजा यह हुआ कि आगे जाकर एक खाड़ी थी। जिसमें उसकी कार जा गिरी।
गनीमत यह रही कि वह पर मौजूद सागरी सुरक्षा बलों ने इस घटना को देख लिया। वह तुरंत महिला को बचाने के लिए पानी में कूद पड़े। महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाद में क्रेन की मदद से कार को भी बाहर निकाल लिया गया. रेस्क्यू बोट और गश्ती टीम की वजह से महिला की जान बच गई।