नई दिल्ली (नेहा): दिल्ली मेट्रो में यात्रा के दौरान एक अमेरिकी लड़की से छेड़छाड़ की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पीड़ित अमेरिकी लड़की ने दावा किया कि जब वह एक नाबालिग लड़के के साथ फोटो के लिए राजी हुई, तो उसने उसके ब्रेस्ट को गलत तरीके से छुआ। हैरानी की बात यह है कि आरोपी लड़के की मां और बहन ने उसकी गलत हरकतों पर पर्दा डालते कहा कि वह सिर्फ गोरी लड़कियों के बारे में जानने के लिए उत्सुक था।
पीड़िता ने इस घटना के बारे में अपने प्रोफेसर को जानकारी दी। इसके बाद भारतीय मूल के प्रोफेसर गौरव सबनीस ने एक्स पर अपनी स्टूडेंट की कहानी शेयर की है और कहा कि इस घटना के बाद शायद ही वह कभी वापस भारत आ पाएंगी।
प्रोफेसर सबनीस ने अपने एक्स पोस्ट में बताया कि उनकी पूर्व छात्रा ने अपने दोस्त की शादी में भारत जाने से पहले उनसे बात कर यात्रा के टिप्स मांगे थे। इस पर उन्होंने उसे यात्रा के दौरान सावधान रहने की सलाह दी थी। दुर्भाग्य से सबनीस को जो डर था वही हुआ। उनकी स्टूडेंट को दिल्ली मेट्रो में यौन उत्पीड़न का सामना करना पड़ा और आरोपी बच निकला।

