मुरादाबाद (नेहा): उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। यहाँ एक महिला ने अपने 15 दिन के नवजात शिशु को घर के फ्रीजर में लिटा दिया। सौभाग्य से, बच्चे की रोने की आवाज़ सुनकर परिवार वालों ने उसे समय रहते बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई।
यह घटना मुरादाबाद के करूला इलाके की है। 15 दिन पहले ही इस महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया था। शुक्रवार को महिला ने अपने नवजात को चुपके से फ्रीजर में रख दिया और खुद सोने चली गई। कुछ देर बाद, बच्चे के रोने की तेज़ आवाज़ सुनकर परिवार के लोग घबरा गए और बच्चे की तलाश करने लगे। जब उन्होंने फ्रीजर खोला, तो बच्चा अंदर मिला। परिवार वालों ने तुरंत बच्चे को बाहर निकाला। थोड़ी और देर होती, तो बच्चे की जान जा सकती थी। इस घटना के बाद परिवार में दहशत और चिंता का माहौल है।