वाशिंगटन (पायल): कैलिफोर्निया में रहने वाले भारतीय प्रवासियों के लिए यह दिवाली दोहरी खुशी लेकर आई है! अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के गवर्नर ने दिवाली को राजकीय अवकाश घोषित कर दिया है जो इस त्योहार के वैश्विक महत्व को दर्शाता है।
भारत ही नहीं बल्कि अब दिवाली अंतरराष्ट्रीय त्योहार बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। दुनिया भर में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी रहते हैं और इन समुदायों की सक्रिय भागीदारी से यह पर्व अब विदेशों में भी बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया जाता है। कैलिफोर्निया का यह निर्णय इसी वैश्विक पहचान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों की बड़ी आबादी है और कैलिफोर्निया जैसे राज्यों में इनकी संख्या ख़ास तौर पर अधिक है। लंबे समय से यहां के भारतीय समुदाय द्वारा यह मांग की जा रही थी कि दिवाली के दिन उन्हें अपनी संस्कृति और परंपराओं का पालन करने के लिए आधिकारिक छुट्टी मिले। अब राजकीय अवकाश घोषित होने के बाद कैलिफोर्निया में रहने वाले भारतीय मूल के कर्मचारी और छात्र बिना किसी परेशानी के रोशनी के इस पर्व को पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मना सकेंगे। इस घोषणा से वहां के भारतीय समुदाय में खुशी की लहर दौड़ गई है।
यह कदम भारतीय संस्कृति और त्योहारों के प्रति अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते सम्मान और स्वीकृति को भी दर्शाता है।