नई दिल्ली (नेहा): दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की जीत के बाद केंद्रीय मंत्रियों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बड़े नेताओं ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। इस चुनाव में एबीवीपी के आर्यन मान ने अध्यक्ष पद जीता, कुणाल चौधरी ने सचिव पद जीता और दीपिका झा संयुक्त सचिव चुनी गईं।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी एबीवीपी की विजय पर युवा साथियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलते हुए एबीवीपी ने सदैव युवाओं को राष्ट्रवाद और निस्वार्थ सेवा की भावना से प्रेरित किया है। यह विजय दर्शाती है कि युवा पीढ़ी ‘राष्ट्र प्रथम’ के संदेश को अपना रही है, जो भारत को एक उज्ज्वल और सुदृढ़ भविष्य की ओर ले जाएगा।”


