मुंबई (नेहा): बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत को हाल ही में मानहानि मामले में बड़ा झटका लगा है। बठिंडा कोर्ट ने साफ निर्देश दिया है कि कंगना को 15 जनवरी को हर हाल में अदालत के सामने पेश होना होगा। अगर वह तय तारीख पर पेश नहीं होती हैं, तो उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया जा सकता है, साथ ही उनकी जमानत भी रद्द हो सकती है।
इस मामले में शिकायतकर्ता बेबे महिंदर कौर के वकील रघुबीर सिंह बहनीवाल ने जानकारी दी कि कंगना रनौत की ओर से कोर्ट में पेशी से छूट के लिए आवेदन दिया गया था, लेकिन अदालत ने इस अर्जी को खारिज कर दिया। कोर्ट ने पिछली सुनवाई में ही सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया था कि इस बार कंगना को किसी भी हालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना पड़ेगा।
अगर तय तारीख पर पेशी नहीं होती है, तो अदालत गिरफ्तारी वारंट जारी करने के साथ-साथ उनकी बेल को भी निरस्त कर सकती है। कोर्ट का मानना है कि लगातार गैरहाजिरी न्यायिक प्रक्रिया में बाधा बन रही है।


