मुंबई (पायल): 26 नवंबर को कपिल शर्मा की फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ का ट्रेलर लॉन्च हुआ। ट्रेलर लॉन्च के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कपिल ने वहां मौजूद मीडिया के सवालों के जवाब भी दिए। इस दौरान कपिल से उनके कनाडा स्थित कैप्स कैफे पर तीन बार हुई फायरिंग को लेकर सवाल किया गया।
कपिल पहली बार कैप्स कैफे फायरिंग पर बात करते दिखे। उन्होंने जवाब में कहा- ‘तो ये घटना कनाडा में हुई। तीन बार वहां फायरिंग हुई। मुझे लगता है कि वहां के जो रूल्स हैं, पुलिस के पास इतनी पावर नहीं है कि वो उस चीज को कंट्रोल कर सके। लेकिन उसके बाद जो हमारा केस हुआ, ये केस फेडरल में चला गया। जैसे हमारी सेंट्रल गवर्नमेंट होती है, वैसे ही कनाडा में पार्लियामेंट में इस पर चर्चा हुई।
ऊपर वाला जो करता है, उसके पीछे की कहानी हम समझ नहीं पाते हैं। मुझे बहुत सारे लोगों के फोन आए, उन्होंने मुझसे कहा कि कनाडा में बहुत कुछ चल रहा था। लेकिन आपके कैफे पर फायरिंग हुई, उसकी खबरें बनीं तो अब वहां के लॉ एंड ऑर्डर और पुलिस में सुधार हुआ है।’
कपिल आगे कहते हैं- ‘मैं कभी मुंबई या अपने देश में असुरक्षित महसूस नहीं करता हूं। हमारी मुंबई पुलिस जैसा कोई नहीं है। वहां पर जितनी बार गोली चली, उसके बाद हमारे कैफे में और बड़ी ओपनिंग लगी। ऊपर वाला साथ है तो ठीक है। हर हर महादेव।’
बता दें कि पिछले महीने कपिल के कनाडा स्थित कैप्स कैफे पर एक बार फिर फायरिंग हुई थी। यह तीसरा बार था, जब कपिल के कैफे को निशाना बनाया गया। इस फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोल्डी ढिल्लों और कुलवीर सिद्धू नेपाली ने ली थी।
फायरिंग के बाद लारेंस गैंग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था। उसने अपने पोस्ट में लिखा- वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह। आज जो (Kaps Caffe, सरे) में तीन बार फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी मैं, कुलवीर सिद्धू और गोल्डी ढिल्लों लेते हैं। हमारी आम जनता से कोई दुश्मनी नहीं है। जिनसे हमारा झगड़ा है, वो हमसे दूर रहें। जो लोग अवैध (दो नंबर का) काम करते हैं, लोगों से काम करवा कर पैसे नहीं देते, वो भी तैयार रहें। जो भी बॉलीवुड में धर्म के खिलाफ बोलते हैं, वो भी तैयार रहें। गोली कहीं से भी आ सकती है। वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह।


