पटना (नेहा): बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक अभूतपूर्व और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उन्हें 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के लिए वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन द्वारा हार्दिक बधाई दी गई है। इस वैश्विक संस्था ने श्री नीतीश कुमार को यह असाधारण उपलब्धि हासिल करने वाला आजादी के बाद देश का पहला व्यक्ति घोषित किया है। वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन ने एक आधिकारिक पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई देते हुए कहा है कि वर्ष 1947 से लेकर 2025 तक, वह देश के पहले ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने दस बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। यह उपलब्धि भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास में एक अद्वितीय कीर्तिमान है।
संस्था ने इस रिकॉर्ड को असाधारण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह मुख्यमंत्री के अटूट समर्पण, दूरदर्शी नेतृत्व और बिहार की जनता के उन पर अटूट विश्वास एवं प्रशंसा को दर्शाती है। लगातार दस बार एक ही राज्य का नेतृत्व करना लोकतांत्रिक इतिहास में एक दुर्लभ घटना है। वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने इसे न केवल एक उल्लेखनीय व्यक्तिगत उपलब्धि बताया है, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का क्षण भी करार दिया है।
वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने अपने पत्र में नीतीश कुमार के शासन की सराहना करते हुए कहा कि शासन, विकास, सामाजिक कल्याण और प्रशासनिक स्थिरता के प्रति उनका यह निरंतर प्रयास लाखों लोगों को प्रेरित करता रहेगा। उनका लगातार नेतृत्व देश की लोकतांत्रिक मजबूती और स्थिरता में उनके योगदान को प्रमाणित करता है। इस अनुकरणीय और ऐतिहासिक उपलब्धि के सम्मान में, वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन ने यह सूचित किया है कि वह औपचारिक रूप से नीतीश कुमार का नाम अपनी प्रतिष्ठित वैश्विक सूची में शामिल करेगा। संस्था ने कहा कि वह मुख्यमंत्री को आधिकारिक प्रमाण पत्र समर्पित करने पर खुद को गौरवान्वित महसूस करेगा।


