नई दिल्ली (नेहा): कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने सोमवार को पीएम नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला बोला। प्रियंका ने कहा कि पीएम को एक अपमान मंत्रालय बनाना चाहिए, क्योंकि वह विपक्ष के नेताओं पर देश और बिहार का अपमान करने का आरोप लगाते रहते हैं। प्रियंका ने यह बयान पीएम मोदी की उस टिप्पणी को लेकर दिया है, जिसमें उन्होंने राहुल गांधी द्वारा किए गए हमले को छठ पूजा का अपमान बताया था। मामला बिहार के मुजफ्फरपुर की रैली का है। राहुल गांधी ने दिल्ली में रेखा सरकार द्वारा छठ पूजा के लिए बनाए गए घाट का जिक्र किया था।
राहुल ने कहा था, ‘उन्होंने नाटक किया और हिंदुस्तान की सच्चाई दिखाई। यमुना का पानी गंदा है। अगर इसे कोई पी ले, तो या तो बीमार हो जाएगा या मर जाएगा। कोई इसके अंदर नीहं जा सकता। ये पानी इतना गंदा है कि अगर आप इसमें उतरेंगे, तो बीमार हो जाएंगे या आपको इंफेक्शन हो जाएगा। लेकिन पीएम मोदी ने नाटक किया।’ राहुल ने आगे कहा था, ‘उन्होंने वहां एक छोटा सा तालाब बनवाया। चुनाव में वो आपको कुछ भी दिखा देंगे। पीछे से एक पाइप लगाया गया। उससे साफ पानी डाला जाता था। लेकिन दिक्कत ये हो गई कि किसी ने पाइप की फोटो खींच ली।’ राहुल के इस हमले को पीएम ने छठ का अपमान करार दिया था।
पीएम मोदी ने कहा, ‘क्या बिहार और हिंदुस्ताना उन लोगों को माफ करेगा, जिन्होंने वोट के लिए छठी मैया का अपमान किया? क्या छठ में निर्जला व्रत रखने वाली माताएं-बहनें इस तरह के अपमान को बर्दाश्त करेंगी और उन्हें सजा नहीं देंगी?’ पीएम की इसी प्रतिक्रिया पर प्रियंका गांधी ने पलटवार किया। प्रियंका ने आगे कहा, ‘पीएम अनावश्यक मुद्दों पर बोलते हैं, लेकिन बिहार में एनडीए सरकार के भ्रष्टाचार और कुशासन पर एक शब्द भी नहीं बोलते।’ उन्होंने बिहार की सरकार को दिल्ली से रिमोट कंट्रोल करने का आरोप भी लगाया। प्रियंका ने बेरोजगारी को लेकर भी बिहार सरकार पर हमला बोला।


