नई दिल्ली (नेहा): सूडान में भूस्खलन से भयंकर तबाही मची है। कम से कम एक हजार लोगों के मारे जाने की खबर है। सूडान लिबरेशन मूवमेंट/आर्मी ने बताया कि पश्चिमी सूडान के मार्रा पर्वतीय क्षेत्र में भूस्खलन में एक गांव ही नष्ट हो गया है और कम से कम 1000 लोग मारे गए हैं। केवल एक ही व्यक्ति जीवित बचा है। यह हादसा 31 अगस्त की रात को हुआ है।
यहां के लोगों ने संयुक्त राष्ट्र और अंतर्राष्ट्रीय सहायता एजेंसियों से पीड़ितों के शवों को बरामद करने में मदद करने की अपील की है, जिनमें पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। इसके साथ ही स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी बारिश के बाद यह हादसा हुआ है और गांव पूरी तरह से बर्बाद हो गया है।
बता दें कि दो साल से चल रहे गृहयुद्ध के कारण सूडान की आधी से अधिक आबादी भुखमरी के संकट से जूझ रही है और लाखों लोग अपने घरों से बेघर हो गए हैं।