नई दिल्ली (नेहा): सावन महीना अब समापन की ओर है। आज 28 जुलाई को सावन का तीसरा सोमवार है। मान्यता है कि आज भगवान शिव के नीलकंठ, नटराज और महामृत्युंजय स्वरूप की पूजा करने से बहुत लाभ होता है। उस पर आज तीसरे सावन सोमवार पर शिव योग और रवि योग का शुभ संयोग भी बन रहा है। ऐसे शुभ योग में सावन सोमवार का व्रत रखना, साथ ही जलाभिषेक और पूजन करना अद्भुत शुभ फल देता है। जानिए आज सावन के तीसरे सोमवार पर जलाभिषेक और पूजा के लिए शुभ मुहूर्त क्या हैं।
वैसे तो हर व्रत और खास मौके पर ब्रह्म मुहूर्त में पूजा-अर्चना करना शुभ माना जाता है। उसी तरह आज सावन सोमवार पर भी जलाभिषेक के लिए ब्रह्म मुहूर्त में शुभ समय – सुबह 4 बजकर 17 मिनट से लेकर सुबह 4 बजकर 59 मिनट तक रहा। इसके बाद अभिजीत मुहूर्त- दोपहर 12 बजे से लेकर 12 बजकर 55 मिनट तक और प्रदोष काल- शाम 7 बजकर 15 मिनट से लेकर रात 8 बजकर 33 मिनट तक रहेगा। भगवान शिव की प्रदोष काल में पूजा और अभिषेक करना विशेष शुभ माना जाता है।
चूंकि आज सावन के तीसरे सोमवार पर 2 बेहद शुभ योगों का निर्माण हो रहा है। जिससे आज पूरे दिन ही जलाभिषेक करना बेहद पुण्य देगा। आज सुबह 5 बजकर 40 मिनट से लेकर शाम 5 बजकर 35 मिनट तक रवि योग रहेगा। वहीं इसके बाद शिव योग रहेगा। इसके अलावा आज सावन सोमवार पर विनायक चतुर्थी का संयोग भी बन रहा है। जिससे आज महादेव, माता पार्वती के साथ-साथ भगवान गणेश की पूजा-अर्चना करना अति लाभदायक होगा। आज जलाभिषेक के साथ भगवान शिव के मंत्र ‘ऊं नम: शिवाय’ का कम से कम 108 बार जाप करें।