सहारनपुर (राघव): गांव डाल्लामजरा में 16 वर्षीय छात्र की अज्ञात हमलावरों ने चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। मृतक शाम साढ़े छह बजे से ही गायब था। रात से ही जंगल में तलाश रहे ग्रामीणों को सुबह छह बजे किशोर का शव गांव से करीब पांच सौ मीटर दूर एक खेत में मिला। सूचना पर सीओ पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तथा घटना स्थल का मौका मुआयना किया।
गांव डाल्लामजरा का 16 वर्षीय प्रिंस कश्यप पुत्र काका सोमवार की शाम करीब साढ़े छह बजे घर से साइकिल लेकर निकला था। करीब दस बजे तक जब वह घर नहीं लौटा तो उसकी विधवा मां संतलेश को चिंता हुई। संतलेश ने अपने जेठ देवर व पड़ोसियों को इस बाबत बताया। स्वजनों ने ग्रामीणों को साथ लेकर गायब प्रिंस की तलाश की। लेकिन देर रात तक भी उसका कहीं भी पता नहीं चल सका।
सूचना पर किशोर के फूफा रजनीश व उसके मामा भी गांव पहुंच गए थे। मामले की सूचना पर पुलिस ने भी गुम हुए किशोर की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों ने सुबह होते ही एक बार फिर किशोर की तलाश शुरू कर दी। करीब छह बजे सुबह गायब किशोर के शव को खेत में पडा देखकर उसके फूफा रजनीश की चीख निकल गई। सभी ग्रामीण उस ओर दौड़ पड़े।
प्रिंस का शव खेत में एक मेड किनारे पड़ा हुआ था। अज्ञात हमलावरों ने प्रिंस की गर्दन पर बांयी ओर चाकुओं से गोद कर उसकी हत्या कर दी थी। शव के पास ही साईकिल व मोबाइल बरामद हुआ। साइकिल व मोबाइल की प्रिंस के ही थे। सूचना पर सीओ एसएन वैभव पांडेय, कोतवाल अविनाश गौतम पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सीओ ने फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुला लिया था। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
मृतक केएलजीएम इंटर कॉलेज में कक्षा ग्यारहवीं में पढ़ता था। मृतक के पिता काका का दो साल पहले ही निधन हो गया था। मृतक की मां संतलेश के पास कुल पांच बीघा कृषि भूमि है। वह मेहनत मज़दूरी व प्राथमिक विद्यालय में रसोई बनाती है तथा किसी तरह परिवार का भरण-पोषण कर रही है। प्रिंस का एक छोटा भाई कार्तिक आठ वर्ष का है। मृतक मां के साथ खेत में उसका हाथ बंटाता था। बेटे की मौत से स्वजनों में गहरा शौक है। प्रिंस की मौत से उसकी बूढ़ी दादी मेमो गहरे सदमे में है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा है। उधर, कोतवाल अविनाश गौतम ने बताया कि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, पुलिस जांच कर रही है। मृतक के स्वजनों ने दोपहर तक तहरीर नहीं दी थी।