मॉस्को (नेहा): रूस में भारतीय राजदूत विनय कुमार ने साफ किया है कि तेल खरीद में भारत किसी दबाव में काम नहीं करेगा। कुमार ने कहा है कि भारतीय कंपनियों को जहां से सबसे अच्छी डील मिलेगी, वह वहां से तेल खरीदना जारी रखेंगी। उन्होंने अमेरिका की आलोचना करते हुए कहा कि नई दिल्ली अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए सभी कदम उठाना जारी रखेगी। विनय का बयान अमेरिका की ओर से भारत पर अतिरिक्त टैरिफ के ऐलान पर आया है। अमेरिका ने कहा है कि भारत पर टैरिफ लगाने का मकसद उसे रूस से तेल खरीदने से रोकना है।
विनय कुमार ने भारत की तेल खरीद और अमेरिका से तनाव पर बात की है। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली की प्राथमिकता देश के 1.4 अरब लोगों की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना है। भारत और रूस के बीच व्यापार आपसी हितों और बाजार कारकों पर आधारित है। यह भारत के 1.4 अरब लोगों की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के समग्र उद्देश्य के साथ किया जाता है।