कैलिफोर्निया (नेहा): अमेरिका में एक प्लेन अचानक से क्रैश हो गया। इस घटना में पायलट की जान चली गई। वहीं क्रैश होने के बाद प्लेन 2 घरों की छत पर जा गिरा, जिससे घरों से भी धुआं उठने लगा। फायरब्रिगेड के 40 से ज्यादा कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कई घंटों की मशक्कत के बाद उन्होंने आग पर काबू पा लिया। हालांकि, प्लेन गिरने के कारण घरों का एक बड़ा हिस्सा ध्वस्त हो गया।
प्लेन गिरने की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस फौरन हरकत में आ गई। पुलिस ने पूरी गली को ब्लॉक कर दिया। जिस गली में विमान गिरे थे, वहां आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। लोगों को इलाके से दूर रहने की चेतावनी दी गई। यह हादसा कैलिफॉर्निया की सिमी घाटी में देखने को मिला है, जो लॉस एंजिल्स से महज 80 किलोमीटर की दूरी पर है।