नई दिल्ली (राघव): दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में से एक माइक्रोसॉफ्ट ने एक बार फिर बड़े पैमाने पर छंटनी का फैसला किया है। कंपनी 3 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी करने वाली है। इससे पहले साल 2023 में कंपनी ने लगभग 10 हजार कर्मचारियों को निकाला था। सूत्रों के मुताबिक जून 2024 में माइक्रोसॉफ्ट में लगभग 2,28,000 कर्मचारी काम कर रहे हैं। इसका 3 फीसदी लगभग 6800 हुआ। जिसका मतलब है कि कंपनी ने 6800 कर्मचारियों को निकालने का फैसला कर लिया है। इसका असर लगभग हर क्षेत्र या सेक्टर पर देखने को मिल सकता है। चलिए अब जानते हैं कि कंपनी ने ये फैसला क्यों किया?
माइक्रोसॉफ्ट ने छंटनी करने का फैसला इसलिए लिया है ताकि वह अपनी संस्था को बेहतर स्थिति में ला पाए। वहीं कंपनी अपने स्ट्रक्चर और रणनीति को और आसान बनाना चाहती है, ताकि कोई भी प्लान लागू करने में किसी भी तरह की समस्या न आए। ये भी पता चला है कि इन कर्मचारियों की छंटनी प्रदर्शन प्रबंधन प्रणाली के चलते की गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कंपनी ने निकाले जाने वाले सभी कर्मचारियों पर ये प्रतिबंध भी लगाया है कि इन्हें 2 साल से पहले दोबारा हायर न किया जाए।