नई दिल्ली (राघव): देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के 31 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में तेज आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। बुधवार रात दिल्ली-एनसीआर समेत कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश ने कहर बरपाया। हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे तक उखड़ गए। राजधानी में 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आई आंधी के चलते दो लोगों की मौत हो गई, जबकि यातायात और जनजीवन पर खासा असर पड़ा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार के लिए देश के 31 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में अलग-अलग स्तर के मौसम अलर्ट जारी किए हैं।
राजस्थान में भीषण गर्मी को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली, हरियाणा, गुजरात और मध्यप्रदेश में ऑरेंज अलर्ट है।
वहीं, उत्तर प्रदेश, बिहार, आंध्रप्रदेश और केरल में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
आंधी-बारिश: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम, नगालैंड, त्रिपुरा, सिक्किम, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना
हीटवेव: पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गोवा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, नगालैंड, त्रिपुरा, सिक्किम, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल
गर्मी और तूफान के बीच एक राहत की खबर आई है। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तय समय से दो दिन पहले यानी 25 मई को केरल में दस्तक देगा। पहले इसकी तारीख 27 मई बताई गई थी। मॉनसून के जल्दी आने से देश के बाकी हिस्सों में भी जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।