इंडोनेशिया (नेहा): इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी प्रांत के पास एक बड़ा हादसा हो गया। तालिस द्वीप के नजदीक केएम बार्सिलोना वीए नामक जहाज में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही जहाज में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री अपनी जान बचाने के लिए समुद्र में कूद गए।
जानकारी के अनुसार, जहाज में उस समय 280 से ज्यादा लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। आग लगने की वजह से जहाज पर धुआं फैल गया और यात्री बेहद घबरा गए। कई लोगों को आग से बचने के लिए समुद्र में छलांग लगाते देखा गया।
घटना की सूचना मिलते ही बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं और समुद्र में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है और बड़ी संख्या में लोगों को समुद्र से सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
हालांकि, अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने जहाज की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय अधिकारी और समुद्री सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।