नई दिल्ली (नेहा): संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अपार्टमेंट में एक भारतीय महिला का शव बरामद हुआ है। ये महिला केरल के कोल्लम की रहने वाली थी और इसकी उम्र 29 साल थी। परिवार ने आरोप लगाया है कि दहेज के लिए पति ने महिला को परेशान किया था। अतुल्य शेखर की शादी 2014 में कोल्लम के रहने वाले सतीश से हुई थी और शारजाह शिफ्ट हो गई थी। उसकी मां ने आरोप लगाया है कि सतीश ने 18 और 19 जुलाई के बीच उसका गला दबाया, उसके पेट पर लात मारी और उसके सिर पर प्लेट से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था।
महिला के परिवार का कहना है कि उन्होंने सतीश को 40 से ज्यादा सोने के गहने और एक बाइक दहेज में दी थी। फिलहाल पुलिस ने सतीश के खिलाफ मर्डर का केस दर्ज किया है। इस महीने की शुरुआत में, केरल की ही एक 32 साल की महिला अपने बच्चे के साथ शारजाह में मृत पाई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसके पति और ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। कोल्लम जिले की रहने वाली विपंचिका मनियान ने 8 जुलाई को अपने अपार्टमेंट में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। उनकी एक साल बेटी भी मृत पाई गई थी। एक रिपोर्ट के मुताबिक, घर में मलयालम में एक नोट मिला था। माना जा रहा है कि मरने से पहले इसे महिला ने ही लिखा था। मनियान के परिवार ने उनके पति निधीश वलियावेटिल और उनके परिवार पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का भी आरोप लगाया है।