मुंबई (राघव): आज (11 अगस्त) दिग्गज अभिनेता सुनील शेट्टी अपना जन्मदिन मना रहे हैं। वह 64 साल के हो गए हैं। वह तीन दशक के एक्टिंग करियर में 100 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके हैं। सुनील के जन्मदिन पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है। उन्हें सोशल मीडिया पर फैंस से लेकर करीबी लोग शुभकामनाएं दे रहे हैं। सुनील के दामाद केएल राहुल ने भी उन्हें बर्थडे विश किया है। हालांकि, स्टार बल्लेबाज राहुल ने बर्थडे विश में अपने ससुर जी को एक अहम सलाह भी दी है। उन्होंने सुनील से ज्यादा आराम करने की गुजारिश की है। वह चाहते हैं कि सुनील काम के साथ-साथ ऐसा जरूर करें।
राहुल ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर करते हुए सुनील को बर्थडे विश किया। तस्वीर में राहुल, सुनील के अलावा अहान शेट्टी हैं। राहुल ने पोस्ट में लिखा, ”जन्मदिन मुबारक हो अज्जा सुनील शेट्टी। आपका हर काम हमें प्रेरणा देता है। और प्लीज ज्यादा आराम करें।” बता दें कि राहुल की 2023 में सुनील की बेटी अथिया शेट्टी से शादी हुई थी। यह शादी सुनील के खंडाला स्थित फार्महाउस में हुई थी। अथिया कई बॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुकी हैं। राहुल और अथिया की एक बेटी है, जिसका नाम इवारा है। इवारा का जन्म 24 मार्च 2025 को हुआ।