नई दिल्ली (नेहा): अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत पर 50 फीसदी टैरिफ का तगड़ा झटका देने के कुछ घंटों बाद उनके व्यापार सलाहकार पीटर नवारो ने रूस-यूक्रेन जंग को “मोदी का जंग” बता दिया।
नवारो का दावा है कि भारत का रूस से सस्ता तेल खरीदना ही मॉस्को की सैन्य आक्रामकता को हवा दे रहा है। उन्होंने भारत पर दबाव डालते हुए कहा कि अगर नई दिल्ली रूस से तेल खरीदना बंद कर दे, तो अमेरिका भारत पर लगाए गए टैरिफ में 25 फीसदी की कटौती कर सकता है।
नवारो ने ब्लूमबर्ग टेलीविजन को दिए इंटरव्यू में कहा, “यह मोदी का जंग है, क्योंकि अमन का रास्ता नई दिल्ली से होकर गुजरता है।”
उनका इशारा भारत के रूस से तेल खरीदने की तरफ था, जिसके बदले मॉस्को को पैसा मिलता है और वह अपनी जंग में इस पैसे को झोंकता है।
भारत का कहना है कि वह सस्ता तेल खरीदकर अपनी जनता को महंगाई से बचाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन अमेरिका इसे रूस की मदद के तौर पर देखता है।