नई दिल्ली (नेहा): रूस और यूक्रेन युद्ध के चलते कई यूक्रेनी नागरिकों ने अपनी जान बचाने के लिए देश छोड़ दिया। यूक्रेन से भागे लोग अलग-अलग देशों में शरणार्थी बनकर रह रहे हैं। हालांकि, इसी बीच अमेरिका की ट्रेन से एक दिल दहलाने वाला वीडियो सामने आया है, जहां एक शख्स ने यूक्रेन की महिला को मौत के घाट उतार दिया। यूक्रेन की 23 वर्षीय युवती इरीना जारुत्स्का कुछ महीनों पहले ही अमेरिका आईं थीं। इरीना एक ट्रेन में सफर कर रही थीं, तभी एक शख्स ने अचानक उनपर हमला बोल दिया। इस घटना का पूरा वीडियो सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया है।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, यह वीडियो 22 अगस्त की रात लगभग 10 बजे का है। अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना में इरीना एक ट्रेन जाकर बैठीं। इरीना अपने फोन में व्यस्त थीं, तभी उनके पीछे बैठे 34 वर्षीय शख्स ने जेब से चाकू निकाली और इरीना पर तीन बार वार किया। इस दौरान आरोपी ने इरीना की गर्दन को भी निशाना बनाया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी शख्स की पहचान डेकार्लोस ब्राउन जूनियर के रूप में हुई है। सामने आए वीडियो में हमले की दिल दहलाने वाली फुटेज हटा दी गई है। इरीना की हत्या करने के बाद डेकार्लोस उठकर दरवाजे के पास पहुंचा। तभी उसके कपड़ों और जूतों में लगे खून के छींटें दिखे और पूरी ट्रेन में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, डेकार्लोस ने इरीना का गला काटा था, जिससे इरीना का खून ट्रेन की फर्श पर फैलने लगा था। इरीना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, डेकार्लोस अगले स्टेशन पर उतर गया, जहां पुलिस को उसकी चाकू भी मिली। इस हमले के दौरान डेकार्लोस के हाथ पर भी खरोंच लग गई थी, जिसपर पट्टी बंधवाने के लिए वो अस्पताल पहुंचा था। इस दौरान पुलिस ने डेकार्लोस को हिरासत में ले लिया। डेकार्लोस का कोर्ट रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। 2011में उसे जानलेवा हथियार की मदद से लूटपाट करने के आरोप में पकड़ा गया था। इसके लिए उसे 5 साल की सजा सुनाई गई थी।