नई दिल्ली (नेहा): GEN-Z ने नेपाल में जबरदस्त बवाल काटा है। नेपाल पूरी तरह से तहस-नहस हो चुका है। हंगामा ऐसा बरपा है कि प्रधानमंत्री केपी ओली के इस्तीफे के बाद भी नेपाल धुआं-धुआं हो चुका है। बर्निंग प्रेसीडेंट हाउस और ब्रोकेन पीएम हाउस वाला नेपाल श्रीलंका और बांग्लादेश से भी बुरे हाल में पहुंच चुका है। प्रदर्शनकारी संसद भवन में घुस गए और आगजनी की। पूरा संसद भवन धू-धूकर जल उठा। नेपाल में कल GEN-Z क्रांति की शुरुआत हुई थी और 30 घंटे बाद ही वो अपने अंजाम तक पहुंचने लगी है। देखिए नेपाल की संसद भवन के बाहर कितनी बड़ी तादाद में आंदोलनकारी खड़े हैं जिसमें लड़के भी हैं और लड़कियां भी हैं।
ये विद्रोह GEN-Z का है जिसने भ्रष्टाचार और नेपो बेबी के खिलाफ मोर्चा खोला जिसकी वजह से नेपाल के प्रधानमंत्री को इस्तीफा देना पड़ा। पूरा काठमांडू इस समय प्रदर्शनकारियों के कब्जे में है। जगह जगह से आग की लपटें उठ रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर सरकारी इमारतों में आगजनी की है। प्रदर्शनकारी दुकान को, सरकारी दफ्तरों को निशाना बना रहे हैं। जगह-जगह सुरक्षाबल तैनात हैं लेकिन प्रदर्शनकारियों को रोक पाने में कामयाबी नहीं मिल रही। नेपाल के अलग-अलग शहरों में अफरा-तफरी का माहौल है। हिंसा में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है और 350 से ज्यादा लोग घायल हैं।
नेपाल के राष्ट्रपति भवन पर GEN-Z प्रदर्शनकारियों का कंट्रोल हो गया है। इसके बाद लोगों ने बिल्डिंग में जमकर तोड़-फोड़ की, सामान लूट लिया और साथ ही इमारत में आग लगा दी। नेपाल की सड़कों पर आंदोलन कर रहे युवाओं ने ना सिर्फ संसद भवन में आग लगाई बल्कि नेपाल सरकार के कई मंत्रियों के घरों को फूंक दिया।