नई दिल्ली (नेहा): नेपाल में चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच, इंडिगो ने फंसे हुए यात्रियों की सहायता के लिए विशेष राहत उड़ानों के साथ-साथ काठमांडू के लिए अपनी नियमित उड़ानें फिर से शुरू करने की घोषणा की है। दूसरी तरफ, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को महाराष्ट्र के पर्यटकों से फोन पर बात की। इस दौरान उन्होंने पर्यटकों को सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए हर संभव मदद का आश्वसन दिया।
इंडिगो ने कहा कि 11 सितंबर से, वह काठमांडू से आने-जाने के लिए चार दैनिक नियमित उड़ानें संचालित करेगी। इसके अतिरिक्त, एयरलाइन नियामक मंजूरी के अधीन, उसी दिन दो विशेष राहत उड़ानें संचालित करने की योजना बना रही है। ये उड़ानें विशेष किराए पर उपलब्ध होंगी, ताकि यात्री आसानी से घर लौट सकें। इंडिगो ने कहा कि आगे की जानकारी के लिए हमारे आधिकारिक चैनलों पर बने रहें।
अधिकारियों के मुताबित, नेपाल में हिंसक विरोध प्रदर्शनों के कारण महाराष्ट्र के लगभग 150 पर्यटक फंसे हुए हैं। जिनसे उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने फोन पर बात की और उन्हें सुरक्षति वापसी के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।