नई दिल्ली (नेहा): दक्षिणपंथी कार्यकर्ता अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेहद करीबी चार्ली कर्क की हत्या ने पिछले दिनों अमेरिका को हिला कर रख दिया था। गत रविवार को उनकी पत्नी एरिका कर्क ने एक ऐसा बयान दिया जिसने सभी को चौंका दिया। चार्ली कर्क की विधवा पत्नी एरिका कर्क ने अपने दिवंगत पति की स्मृति में आयोजित एक कार्यक्रम में एक अत्यंत धार्मिक भाषण देते हुए कहा कि वह अपने पति की हत्या के आरोपी व्यक्ति को माफ करती हैं।
अमेरिका के एरिजोना राज्य में चार्ली कर्क की याद में आयोजित एक कार्यक्रम में एरिका कर्क ने कहा कि मेरे पति चार्ली, ठीक उसी तरह के नौजवानों को बचाना चाहते थे जैसे उस व्यक्ति ने उनकी जान ली थी। इस कार्यक्रम में 60,000 से अधिक लोग मौजूद थे। इस कार्यक्रम में खुद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी भी रही। भावुक होते हुए एरिका कर्क ने कहा कि वह आदमी, वह युवक। मैं उसे माफ़ करती हूं। आगे उन्होंने कहा कि मैं उसे माफ करती हूं क्योंकि ईसा मसीह ने यही किया था और चार्ली भी यही करता। उन्होंने कहा कि नफरत का जवाब नफरत नहीं है।