नई दिल्ली (नेहा): अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कब क्या कर दें, कब क्या कह दें, इसके बारे में अंदाजा लगा पाना बेहद मुश्किल हैं। लेकिन, अब ट्रंप डॉक्टर भी बन गए हैं और कुछ ऐसा कहा है जिससे दुनिया भर में हड़कंप मच गया है। ट्रंप ने ऑटिज्म के लिए संभावित इलाज खोजने के लिए रिसर्च पर जोर देते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं को एसिटामिनोफेन के उपयोग को सीमित करना चाहिए, जिसे आमतौर पर अमेरिका में टाइलेनॉल या अन्य जगहों पर पेरासिटामोल के रूप में ब्रांड किया जाता है। ट्रंप ने कहा कि यूएस फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन जल्द ही डॉक्टरों को गर्भावस्था के दौरान टाइलेनॉल की सिफारिश को सीमित करने के लिए नोटिस भेजेगा। इसे तब तक नहीं दिया जाना चाहिए जब तक कि चिकित्सकीय रूप से आवश्यक ना हो, जैसे कि बुखार के इलाज के लिए।
अमेरिका के स्वास्थ्य सचिव, रॉबर्ट एफ कैनेडी जूनियर के नेतृत्व में कई महीनों तक की गई व्यापक जांच के बाद, डोनाल्ड ट्रंप ने इस तरह का बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि गर्भवती महिलाएं अगर पेरासिटामोल का उपयोग करती हैं तो ऑटिज्म का खतरा बढ़ जाता है। जबकि, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वैज्ञानिकों ने इसका विरोध करते हुए अपनी स्टडी से इसका खंडन किया है। इस बीच टाइलेनॉल (अमेरिका वाला पेरासिटामोल) निर्माता केनव्यू ने कहा, “एसिटामिनोफेन गर्भवती महिलाओं के लिए उनकी पूरी गर्भावस्था के दौरान आवश्यक सबसे सुरक्षित दर्द निवारक विकल्प है। इसके बिना, महिलाओं को खतरनाक विकल्पों का सहारा लेना पड़ता है।”