नई दिल्ली (नेहा): फिनलैंड की विदेश मंत्री एलिना वाल्टोनेन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की भारत पर नए टैरिफ लगाने की मांग को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि यूरोपीय संघ (ईयू) भारत के साथ व्यापार बढ़ाने और टैरिफ घटाने की दिशा में काम कर रहा है।
गौरतलब है कि फिनलैंड अमेरिका का करीबी देश माना जाता है और राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब के साथ ट्रंप के बेहद करीबी रिश्ते हैं। इसके बावजूद फिनलैंड ने भारत का साथ दिया है।
रूस से ऊर्जा खरीदने के लिए भारत पर दंडात्मक टैरिफ लगाने के ट्रंप के अनुरोध को ठुकराते हुए वाल्टोनेन ने साफ किया कि ईयू की प्राथमिकता रूस पर सीधे प्रतिबंध और टैरिफ लगाना है, न कि भारत जैसे साझेदार देशों पर ऐसे प्रतिबंध लगाना है।
संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में उन्होंने भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को तेजी से आगे बढ़ाने की इच्छा जताई।
वाल्टोनेन ने कहा कि यूरोप की रणनीति रूस के खिलाफ कड़े प्रतिबंधों और तेल मूल्य सीमा जैसे उपायों पर केंद्रित है, जिसने रूस से कच्चे तेल के आयात को 90% तक कम कर दिया है। उन्होंने भारत और चीन पर द्वितीयक टैरिफ लगाने की जरूरत को खारिज करते हुए कहा कि मौजूदा प्रतिबंध नीति पर्याप्त प्रभावी है।
वाल्टोनेन ने भारत के साथ आर्थिक रिश्तों को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “हम भारत के साथ व्यापार बढ़ाने की उम्मीद करते हैं। इसके लिए नए टैरिफ लगाने के बजाय, हम मौजूदा टैरिफ को कम करना चाहते हैं और एफटीए वार्ता को जल्द से जल्द अच्छे विश्वास के साथ पूरा करना चाहते हैं।” हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि यूरोप उम्मीद करता है कि भारत भू-रणनीतिक दृष्टिकोण से ईयू की विदेश नीति के साथ और करीब आए।