नई दिल्ली (नेहा): यूरोप घूमने गया एक भारतीय कपल भीषण हादसे का शिकार हो गया है। इस हादसे में कपल की मौत हो गई और उनके तीन बच्चे अस्पताल में भर्ती हैं। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। इटली में भारतीय दूतावास ने दंपति की मौत की पुष्टि की है।मृतक की पहचान 55 वर्षीय जावेद अख्तर और 47 वर्षीय नादिरा गुलशन के रूप में हुई है। दोनों महाराष्ट्र के नागपुर से हैं। नागपुर में उनका गुलशन प्लाजा नाम से आलीशान होटल भी मौजूद है। जावेद और नादिरा अपने 3 बच्चों के साथ यूरोप में छुट्टियां मनाने गए थे। 22 सितंबर को उन्होंने फ्रांस से अपने सफर की शुरुआत की थी। इस ट्रिप में उनके तीन बच्चे 21 वर्षीय बेटी आरजू अख्तर, शिफा अख्तर और बेटा जाजेल अख्तर भी साथ थे।
यह भीषण सड़क हादसा एक वैन और मिनी बस की टक्कर से हुआ। मिनी बस में जावेद अपनी परिवार के साथ मौजूद थे। साथ ही इस बस में एशियाई मूल के कई पर्यटक भी सवार थे। इटली में एक वैन ने मिनी बस को जोरदार टक्कर मारी, जिसमें जावेद और नादिरा समेत ड्राइवर की भी मौत हो गई। कपल की बड़ी बेटी आरजू के सिर में गंभीर चोटें आईं हैं। आरजू की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं, उनके दो अन्य बच्चे शिफा और जाजेल का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।


