नई दिल्ली (नेहा): इजरायल और हमास के युद्ध पर ब्रेक लगने के बाद से मिडिल ईस्ट में काफी हद तक शांति स्थापित हो चुकी है। इसी बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को फोन किया था। बीते दिन दोनों नेताओं के बीच फोन पर काफी देर तक बातचीत हुई। इस दौरान गाजा की स्थिति से लेकर ईरान के परमाणु प्रोग्राम और सीरिया में चल रहे हालातों पर चर्चा की गई। रूस और इजरायल ने साझा बयान जारी करते हुए इसकी जानकारी दी है।
पुतिन ने नेतन्याहू को पहले फोन किया था। नेतन्याहू ने कई मुद्दों पर उनसे बात की। इससे पहले दोनों नेताओं के बीच सितंबर में बात हुई थी। तब पुतिन ने अमेरिकी सीजफायर प्रस्ताव पर नेतन्याहू से जानकारी ली थी। बता दें कि रूस ने गुरुवार को अमेरिकी प्रस्ताव के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र में ड्राफ्ट रिजोल्यूशन पेश किया था। इस प्रस्ताव के तहत रूस ने ट्रंप के गाजा पीस प्लान को चुनौती दी थी। रूस का कहना है कि यह प्रस्ताव दुश्मनी को पूरी तरह से खत्म करने और बैलेंस मेंटेन करने के लिए बनाया गया है।


