नई दिल्ली (नेहा): बांग्लादेश में शुक्रवार को आए भूकंप ने तबाही मचा दी है। ढाका डिवीज़न के नरसिंहदी शहर से 14 किलोमीटर वेस्टर्न साउथवेस्ट में आए 5.5 तीव्रता के भूकंप का झटका इतना तेज़ था कि कई घर और इमारत हिल गए। भूकंप प्रभावित क्षेत्र के आसपास के इलाकों में भी इसका झटका महसूस हुआ। लोग डरकर अपने-अपने घरों से बाहर भाग निकले। 10 किलोमीटर की गहराई पर आए इस भूकंप का झटका भारत के पश्चिम बंगाल राज्य में भी कई जगह महसूस हुआ।
बांग्लादेश में आए इस भूकंप की वजह से अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। नरसिंहदी में 5 लोग, ढाका में 4 लोग और नारायणगंज में 1 व्यक्ति इस भूकंप की वजह से मारे गए। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है। भूकंप की वजह से बांग्लादेश के प्रभावित क्षेत्रों में 600 से ज़्यादा लोग घायल हो गए हैं। इनमें से कई घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। भूकंप की वजह से कई घरों-इमारतों को नुकसान पहुंचा है। कई कच्चे घर तो भूकंप की वजह से पूरी तरह से तबाह हो गए। भूकंप की वजह से कुछ व्हीकल्स को भी नुकसान पहुंचा।


