मुंबई (नेहा): जापानी-अमेरिकी एक्टर कैरी हिरोयुकी तगावा, जिन्होंने 1995 की सुपरहिट फिल्म ‘मॉर्टल कॉम्बैट’ में खतरनाक विलेन शांग त्सुंग का यादगार किरदार निभाया था, अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनका 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। स्ट्रोक की गंभीर जटिलताओं के कारण उन्होंने कैलिफोर्निया के सांता बारबरा में अंतिम सांस ली।
उनके निधन की खबर सामने आते ही हॉलीवुड और ‘मॉर्टल कॉम्बैट’ के फैंस के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के मुताबिक, कैरी हिरोयुकी तगावा को कुछ समय पहले स्ट्रोक हुआ था, जिसकी वजह से उनकी सेहत लगातार बिगड़ रही थी। गुरुवार को हालत गंभीर होने के बाद उनका निधन हो गया। वह अपने दमदार अभिनय, खलनायकी अंदाज और तीखी स्क्रीन प्रेज़ेंस के लिए जाने जाते थे।


