अंबाला (नेहा): हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान कि जैसे देश से मुगल और अंग्रेज चले गए वैसे ही भाजपा भी चली जाएगी पर हरियाणा के विज ने कड़ा पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी को इतिहास का ज्ञान नहीं है। उन्होंने कहा कि मुगल और अंग्रेज विदेशी थे, इसलिए वो देश से वह चले गए। मगर भारतीय जनता पार्टी देश की माटी से बनी पार्टी है। इस देश की, संस्कृति की, ज्ञान की और यहां के लोगों की पार्टी है और राहुल गांधी ऐसा कह रहे हैं तो वह लोगों को गाली दे रहे हैं। यह हमारा देश है और हम इसी देश के हैं। यदि जाएगी तो कांग्रेस जाएगी क्योंकि कांग्रेस एक विदेशी पार्टी है। कांग्रेस का जन्म 1885 में एक अंग्रेज एओ ह्यूम ने अंग्रेजों की चापलूसी के लिए किया था।
ये पार्टी धीरे-धीरे खत्म हो रही है और थोड़ी रह गई है वहां से भी जल्द खत्म हो जाएगी। राहुल गांधी के बयान कि अमेरिका ने वस्त्र निर्यातकों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने को प्रधानमंत्री सिर्फ चुपचाप देख रहे हैं पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि मोदी आने वाली तकलीफों को पहले देख उसका समाधान करते हैं। यदि एक देश ने हमें कुछ रुकवाट पैदा की है तो मोदी ने व्यापार के लिए सौ देशों के रास्ते खोल दिए हैं और लोग कर रहे हैं। यह बहुत बड़ी उपलब्धि है क्योंकि मोदी जी ने विश्व के सभी देशों से अपने संबंध बनाए हैं और एक देश से हमें कोई फर्क नहीं पड़ता है।
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के बयान की भाजपा की शह पर अवैध खनन चल रहा है पर विज ने पलटवार करते हुए कहा कि सुरजेवाला कई बार सपनों की बातों को वस्तविकता मान लेते हैं। इनको कांग्रेस के राज में जो 40-40 फीट गहरी नदियां खोद दी और जिस ढंग से इन्होंने पहाड़ों व नदियों का दोहन किया वह इन्हें कभी-कभी सपने में दिख जाता है। जो सपने में इन्हें दिख जाता है उसे वह असल में मान लेते हैं। आज हमारी भाजपा सरकार ने पूरा प्रतिबंध लगाया है और सुप्रीम कोर्ट अरावली पर भी इतना सख्त हो गया है। सुरजेवाला को थोड़ा जागृत रहना चाहिए।


