मुंबई (पायल): बता दे कि नया साल भारत से यूरोप जाने वाले हवाई यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आ रहा है। टाटा ग्रुप की एयर इंडिया ने लगभग 6 साल के अंतराल के बाद इटली की राजधानी रोम के लिए सीधी उड़ानें फिर से शुरू करने की घोषणा की है। यह सेवा 25 मार्च, 2026 को दिल्ली से शुरू होगी, जो सप्ताह में चार दिन (सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार) उपलब्ध होगी।
एयर इंडिया के अधिकारियों के मुताबिक, यह फैसला भारत और इटली के बीच बढ़ते व्यापार और सांस्कृतिक संबंधों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जिससे यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
उधर, निजी क्षेत्र की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहुंच बढ़ाते हुए 2 फरवरी से दिल्ली और लंदन (हीथ्रो) के बीच सीधी उड़ान शुरू करने की घोषणा की है।
ये उड़ानें सप्ताह में पांच दिन संचालित होंगी और यात्रियों को बोइंग 787 विमान के माध्यम से ‘इंडिगो स्ट्रेच’ (बिजनेस क्लास) और इकोनॉमी क्लास की सुविधाएं दी जाएंगी।
इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने कहा कि नई सेवा पर्यटन और व्यवसाय के साथ-साथ उन लोगों के लिए भी बहुत मददगार होगी जो अपने परिवार से मिलने के लिए अक्सर लंदन आते-जाते हैं। इसके साथ ही इंडिगो जनवरी 2026 से एथेंस के लिए भी उड़ान शुरू करने जा रही है।


