नई दिल्ली (नेहा): नेपाल पुलिस ने दो घटनाओं में 4.3 किलोग्राम कोकीन बरामद की और दो भारतीयों समेत तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कोटेस्वर स्थित स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की एक पुलिस टीम ने काठमांडू महानगरपालिका-9 के सिनामंगल क्षेत्र से इन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया जो हवाई मार्ग से नेपाल पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के अलग-अलग मामलों में दो भारतीयों और एक थाई नागरिक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार भारतीय नागरिकों जेवियर मैथ्यू थालियाचेरी (55) और मुरसालेन हुसैन (21) को काठमांडू के निकट सिनामंगल क्षेत्र से तीन किलोग्राम 750 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक हुसैन लाओस से सिंगापुर होते हुए काठमांडू पहुंचा था। उसे मंगलवार को सिनामंगल में सड़क किनारे गिरफ्तार किया गया और उसके पास से मादक पदार्थ बरामद किया गया।


